home page

कुलपति ने गठित की छात्र शिकायत निवारण समिति

 | 
कुलपति ने गठित की छात्र शिकायत निवारण समिति


जौनपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की शिकायतों और समस्याओं के समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए छात्र शिकायत निवारण समिति का गठन किया गया है। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर गठित समिति विद्यार्थियों की शिकायतों पर कार्रवाई कर उनके समाधान की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगी।

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने हाल में कुलपति से मुलाकात कर विभिन्न समस्याएं बताई थीं। कुलपति ने समस्याओं को सुनकर शीघ्र समाधान का भरोसा दिया था। इसके बाद प्रशासन ने शिकायतों के निस्तारण के लिए समिति गठित की।

डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद कुमार यादव को समिति का अध्यक्ष/समन्वयक बनाया गया है। प्रो. अविनाश डी. पाथर्डीकर, प्रो. राजेश शर्मा, प्रो. रजनीश भास्कर और डॉ. अन्नू त्यागी को सदस्य बनाया गया है। एलएलएम छात्र अभिनव कीर्ति पाण्डेय को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार समिति विद्यार्थियों की शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई कर उनके समाधान की निगरानी करेगी। इससे छात्रों को अपनी समस्याओं के लिए संस्थागत मंच उपलब्ध होगा।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे। मंगलवार और शनिवार को छोड़कर प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह नौ से 10 बजे तक विद्यार्थी उनसे मिल सकेंगे। विद्यार्थी शैक्षणिक, प्रशासनिक, छात्रावास, परीक्षा, पुस्तकालय, खेलकूद और छात्र कल्याण सहित अन्य समस्याएं एवं सुझाव सीधे कुलपति के समक्ष रख सकेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। अनुसार समिति शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई कर उनके समाधान की निगरानी करेगी। इससे विद्यार्थियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए संस्थागत मंच मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव