कुलपति प्रो. वंदना सिंह को विश्वविद्यालय परिवार ने दी भावभीनी विदाई
जौनपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह का तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर मंगलवार को विश्वविद्यालय अतिथि गृह में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि पूर्वांचल की माटी में अपार संभावनाएं हैं। यहां के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर देश-विदेश में विश्वविद्यालय और पूर्वांचल का नाम रोशन करें, यही उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष के कार्यकाल में पठन-पाठन और शोध गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा सहयोग मिला।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।
प्रो. वंदना सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और स्नेह के लिए विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से उनका जुड़ाव और यहां के लोगों का स्नेह हमेशा स्मरणीय रहेगा।
समारोह में कुलसचिव विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी आत्म प्रकाश धर द्विवेदी, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. अविनाश, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. राजेश शर्मा, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. मिथिलेश सिंह, प्रो. मुराद अली, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. श्याम कन्हैया सिंह, डॉ. शशिकांत यादव, डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव, डॉ. अन्नू त्यागी, डॉ. नृपेंद्र सिंह, डॉ. अनुराग मिश्र, उपकुलसचिव अजीत सिंह, बबीता सिंह समेत अन्य शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने प्रो. वंदना सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. राहुल सिंह, महामंत्री डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डॉ. विजय सिंह तथा अन्य पदाधिकारियों ने प्रो. वंदना सिंह को स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वारीन्द्र सिंह यादव, महामंत्री राधेश्याम सिंह मुन्ना, उपाध्यक्ष सुशील प्रजापति, रमेश यादव और श्रीनाथ यादव समेत अन्य कर्मचारियों ने भी उन्हें भावभीनी विदाई दी। सभी ने उनके तीन वर्ष के कार्यकाल को विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण और स्मरणीय बताया।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

