केम फेस्ट में कुलपति ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित, बोले- प्रतिभा से पीयू का मान बढ़ाएं
जौनपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग की केमिकल कम्युनिकेशन सोसाइटी की ओर से शनिवार को एमएससी रसायन विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए ‘केम फेस्ट-2026’ का आयोजन किया गया। ‘विज्ञान और कल्पनाशीलता का संगम’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थी कक्षाओं और विश्वविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का सदुपयोग करते हुए अपनी प्रतिभा एवं कौशल से पीयू का मान बढ़ाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने, प्रयोगात्मक ज्ञान बढ़ाने और अपने कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को अच्छे वैज्ञानिक, सफल उद्यमी और जिम्मेदार नागरिक बनने का लक्ष्य रखना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिक विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान के निदेशक प्रो. मिथिलेश सिंह और रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने कुलपति का स्वागत किया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने विज्ञान शिक्षा के साथ रचनात्मकता, नवाचार और कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रो. प्रमोद कुमार ने विद्यार्थियों को विभाग में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं एवं वैज्ञानिक उपकरणों की जानकारी देते हुए शोध और प्रयोगात्मक दक्षता विकसित करने का आह्वान किया। डॉ. नितेश जायसवाल ने रसायन विज्ञान में शोध, औषधि निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, हरित रसायन और औद्योगिक क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी।
केम फेस्ट के तहत विभिन्न तकनीकी एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, कलात्मक अभिरुचि, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में डॉ. अजीत सिंह, डॉ. दिनेश कुमार वर्मा, डॉ. विजय शंकर पांडेय, डॉ. नीरज अवस्थी और डॉ. आशीष वर्मा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

