संस्कृति विवि में रंगारंग फ्रेशर पार्टी : नृत्य-संगीत और फैशन शो की धूम
डीजे की धुन पर देर रात तक झूमे नवागंतुक छात्र
मथुरा, 24 सितम्बर (हि.स.)। संस्कृति विश्वविद्यालय में नए सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के स्वागत के लिए बीतीरात रंगारंग फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी नृत्य, संगीत और गायन प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर समां बांध दिया। वहीं, प्रसिद्ध डीजे की धुनों पर छात्र देर रात तक जमकर थिरकते नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एम.बी. चेट्टी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मनोरंजन के लिए होते हैं, इसलिए भरपूर आनंद लें लेकिन अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि यह विश्वविद्यालय पूरी तरह रैगिंग मुक्त और सुरक्षित है।
इसके बाद छात्रा नंदिता और साथियों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई। साधना ने बॉलीवुड गीतों पर धमाकेदार नृत्य किया, तो वहीं उन्नति और उसके साथियों ने योग और अनुशासन के बेहतरीन तालमेल से संतुलन की अद्भुत मिसाल पेश की। इसके अतिरिक्त जसलीन, खुशी, यशस्वी, अंजलि, अनूप और अन्य विद्यार्थियों के समूहों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति स्कूल ऑफ फैशन डिजाइनिंग द्वारा एक शानदार रैंप वॉक का आयोजन किया गया। इसमें साधना सिंह, खुशबू, अंजलि, जसलीन, ओम शर्मा, शुभ, राहुल समेत दर्जनों छात्र-छात्राओं ने अपने आकर्षक परिधानों और आत्मविश्वास से सभी की खूब वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रसिद्ध डीजे द जेनियल सीक्रेट और प्रिशा ने अपने बेहतरीन संगीत मिश्रण से ऐसा समां बांधा कि पूरा प्रांगण थिरकने पर मजबूर हो गया। रात के 12 बजे तक चले इस भव्य आयोजन का विद्यार्थियों ने भरपूर लुत्फ उठाया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता, सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा, कुलपति प्रो. एम.बी. चेट्टी और अकादमिक डीन डॉ. रेनू गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान यूनिवर्सिटी लीडरशिप ने छात्र परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष अभिषेक वार्ष्णेय समेत अन्य पदाधिकारियों को आधिकारिक बैज प्रदान किए। छात्र कल्याण परिषद के डीन डॉ. डी.एस. तोमर के मार्गदर्शन में छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय के विकास के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन छात्र कल्याण परिषद के महासचिव रसिक शरण दुबे के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

