home page

विहिप की प्रांतीय योजना बैठक संपन्न, केंद्रीय प्रस्तावों पर बनी कार्ययोजना : राजू पोरवाल

 | 
विहिप की प्रांतीय योजना बैठक संपन्न, केंद्रीय प्रस्तावों पर बनी कार्ययोजना : राजू पोरवाल


कानपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय बैठक में पारित सभी प्रस्तावों को कानपुर प्रांत की कार्ययोजना में शामिल किया गया है। संगठन आगामी समय में परिवार प्रबोधन, संगठन और एक करोड़ हितचिंतक बनाने के लक्ष्य पर विशेष रूप से कार्य करेगा। यह बातें रविवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) कानपुर प्रांत के प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने दो दिवसीय प्रांतीय योजना बैठक के समापन पर कहीं।

कानपुर प्रांत की दो दिवसीय प्रांतीय योजना बैठक जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विकास नगर में संपन्न हो गई। बैठक में कानपुर प्रांत के 21 जिलों से विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गावाहिनी और मातृशक्ति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में केंद्रीय स्तर पर पारित प्रस्तावों को अंगीकार करते हुए आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

बैठक के उद्घाटन सत्र में क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना, प्रांत कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल, प्रांत उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, प्रांत मंत्री राजू पोरवाल, प्रांत सह मंत्री अभिनव दीक्षित, अवधेश भदौरिया तथा मातृशक्ति संयोजिका डॉ. सीमा जादौन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में परिवार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही कंधमाल के स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती हत्याकांड की जांच आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई गई। संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम प्रत्येक जिले और मोहल्ले स्तर पर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में श्रद्धेय अशोक सिंघल की जन्मशती वर्ष के दौरान संगठन विस्तार अभियान चलाने, एक करोड़ हितचिंतक बनाने, गौ-आधारित कृषि, गौ-संरक्षण तथा वेद विद्यालयों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।

बैठक का समापन सनातन मूल्यों के संरक्षण, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के संकल्प के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप