home page

बांदा : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार सब्जी विक्रेता को कुचला, माैत

 | 
बांदा : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार सब्जी विक्रेता को कुचला, माैत


-मौत के बाद दो घंटे जाम रहा गिरवां चौराहा

बांदा, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के गिरवां कस्बे में बुधवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार सब्जी विक्रेता की जान चली गई। थाना गिरवां के सामने करीब रात 9.30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार गनेश उर्फ लाला राम कुशवाहा (30) को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग शुरू कर दी।

गिरवां थाना क्षेत्र के पिथौराबाद गांव निवासी गनेश उर्फ लाला राम कस्बे के चौराहे पर सब्जी की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार रात दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। रमेश चौरसिया की दुकान के पास पुलिया पर पहुंचते ही थाना गिरवां की ओर से चौराहे की तरफ आ रहे ट्रक संख्या भी आर 24 जीडी 6541 ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में गनेश की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और शव उठाने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। लोगों ने गिरवां कस्बे में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू करने और मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की।

सूचना पर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।

सीओ नरैनी प्रवीण कुमार ने गुरुवार को बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों और लोगों को समझाकर शव कब्जे में लिया गया और पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेजा गया। हादसा करने वाले ट्रक और चालक को हिरासत में लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह