खेल सुविधाओं के लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति ने खेल मंत्री को सौंपा प्रस्ताव
जौनपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी केे जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। खेल मंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में सहयोग का आश्वासन दिया।
कुलपति प्राेफेसर राकेश कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर में आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की स्थापना तथा एकलव्य स्टेडियम के क्रिकेट मैदान के उच्चीकरण और नवीनीकरण के लिए वित्तीय एवं विभागीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में तीन लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय ने देश को कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं, जिनमें हॉकी खिलाड़ी कोथाजीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित राजकुमार पाल और अंतरराष्ट्रीय स्टीपलचेज एथलीट पारुल चौधरी प्रमुख हैं।
कुलपति ने कहा कि मानक स्तर के सिंथेटिक ट्रैक के अभाव में खिलाड़ियों को आधुनिक अभ्यास में कठिनाई होती है। ट्रैक बनने से नई खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने के साथ अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय एथलेटिक प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी सुविधा होगी। एकलव्य स्टेडियम के क्रिकेट मैदान के नवीनीकरण में समतलीकरण, जलनिकासी, उच्च गुणवत्ता की पिच, अभ्यास नेट्स और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इससे विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के बीच उच्चस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा मिलेगा। कुलपति ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश ‘जो खेलते हैं, वो खिलते हैं’ और ‘फिट इंडिया’ मिशन को धरातल पर उतारने के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास जरूरी है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

