महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मनाई जाएगी आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जयंती
वाराणसी, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में समाज शास्त्र विभाग एवं मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान और विश्व संवाद केंद्र, काशी के संयुक्त तत्वाधान में तीन मई (रविवार) को सायंकाल चार बजे से गांधी अध्ययन पीठ सभागार में आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जयंती मनाई जाएगी।
आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जयंती पर पंच परिवर्तन : समाज एवं मीडिया विषय पर संगोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि हिन्दुस्थान समाचार न्यूज़ एजेंसी के संपादक जितेंद्र तिवारी रहेंगे। वहीं अध्यक्षता महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रोफेसर आनंद कुमार त्यागी करेंगे।
आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जयंती के समारोह समिति के सदस्य डॉ अम्बरीष राय ने गुरुवार को बताया कि देवर्षि नारद को हम प्रथम पत्रकार के रूप में जानते हैं। इस कारण देवर्षि नारद की जयंती बहुत बड़ा समाज मनाता है।उनकी जयंती मनाने के लिए विश्वविद्यालय परिवार को आमंत्रित किया गया है।
समारोह के मुख्य अतिथि हिन्दुस्थान समाचार न्यूज़ एजेंसी के संपादक जितेंद्र तिवारी के हाथों समाज में कार्य करने वाले छह पत्रकारों का सम्मान किया जाएगा। वही, समारोह में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं की भी उपस्थित रहेगी। वहीं समाज के प्रबुद्ध वर्ग, शिक्षा क्षेत्र, पत्रकारिता क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों को समारोह समिति ने आमंत्रित किया। हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

