home page

भाजपा स्थापना दिवस पर होंगे विविध कार्यक्रम, घर-घर सम्पर्क अभियान चलेगा

 | 
भाजपा स्थापना दिवस पर होंगे विविध कार्यक्रम, घर-घर सम्पर्क अभियान चलेगा


मीरजापुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय बरौधा कचार के सभागार में गुरुवार को आगामी कार्यक्रमों को लेकर कामकाजी बैठक एवं प्रेसवार्ता आयोजित की गई। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को जनपद के सभी मंडलों में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यकर्ता सेवा भाव से राष्ट्र प्रथम के संकल्प को दोहराएंगे।

मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र की उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी सरोज कुशवाहा ने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है और आज विकास व विश्वास का पर्याय बन चुकी है। स्थापना दिवस कार्यक्रम के संयोजक गौरव ने बताया कि सभी मंडलों में कार्यालय सजाए जाएंगे, रंगोली बनाई जाएगी तथा ध्वजारोहण किया जाएगा। कार्यकर्ता अपने घरों पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक प्रत्येक विधानसभा के 50 गांवों में जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी घर-घर सम्पर्क कर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे और लाभार्थियों से संवाद करेंगे। 9 अप्रैल को सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन डेफोडिल्स पब्लिक स्कूल, लोहिया तालाब में आयोजित होगा।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री स्वामी नाथ सिंह ने किया। इस दौरान मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्रा व मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या ने भी सम्बोधित कर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। बैठक में कई जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी पं. भावेश शर्मा ने दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा