home page

प्रदेशीय रैंकिंग में वाराणसी कमिश्नरेट की यूपी-112 फिर अव्वल

 | 
प्रदेशीय रैंकिंग में वाराणसी कमिश्नरेट की यूपी-112 फिर अव्वल


—05 मिनट 22 सेकेंड का औसत रिस्पॉन्स टाइम, 94 प्रतिशत जनसंतुष्टि; पुलिस आयुक्त ने कर्मियों को किया प्रोत्साहित

वाराणसी, 27 अगस्त (हि.स.)। कमिश्नरेट वाराणसी की यूपी-112 ने प्रदेशीय रैंकिंग में एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का लोहा मनवाया है। यूपी-112 का औसत रिस्पॉन्स टाइम 05 मिनट 22 सेकेंड और जनसंतुष्टि का स्तर 94 प्रतिशत रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए प्रोत्साहित किया गया।

गुरुवार शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में यूपी-112 के पुलिसकर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने यूपी-112 की कार्यप्रणाली, सेवा गुणवत्ता, रिस्पॉन्स टाइम और पुलिसकर्मियों के दायित्वों की विस्तार से समीक्षा की।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि यूपी-112 ने त्वरित आपातकालीन पुलिस सेवा के क्षेत्र में देशभर में एक आदर्श व्यवस्था के रूप में पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 के प्रथम और 2021 के द्वितीय चरण में वह इसकी वर्किंग एवं टेक्निकल कमेटी के सदस्य के रूप में कार्यप्रणाली और तकनीकी विकास से जुड़े रहे हैं।

उन्होंने कहा, “कमिश्नरेट वाराणसी की हर पीआरवी सिर्फ पुलिस वाहन नहीं, बल्कि जनसहायता का सशक्त माध्यम बने। त्वरित प्रतिक्रिया, संवेदनशील व्यवहार और प्रभावी पुलिस सेवा हमारी प्राथमिकता है।”

—09 मिनट के भीतर हो रिस्पॉन्स

बैठक में पीआरवी कर्मियों को फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में घटनास्थल पर त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि औसत रिस्पॉन्स टाइम और जनसंतुष्टि का स्तर बनाए रखते हुए प्रत्येक परिस्थिति में रिस्पॉन्स टाइम 09 मिनट के भीतर सुनिश्चित किया जाए। 10 मिनट से अधिक विलंब होने पर संबंधित कर्मियों की समीक्षा, काउंसलिंग और आवश्यकता पड़ने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पीआरवी कर्मियों को बॉडी लैंग्वेज, वर्दी, व्यवहार और आचरण का उच्च स्तर बनाए रखने तथा नागरिकों के साथ विनम्र, संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए।

ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात कर्मियों को यातायात जाम, संदिग्ध गतिविधि अथवा किसी आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर स्वतः सक्रिय होकर संबंधित थाने को तत्काल सूचना देने के लिए कहा गया।

—उत्कृष्ट पीआरवी टीम को मिलेगा पुरस्कार

पुलिस आयुक्त ने बताया कि जनपद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पीआरवी टीम को प्रतिमाह 1,000 रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहन मिलेगा और सेवा की गुणवत्ता में और सुधार आएगा।

बैठक में थाना शिवपुर की पीआरवी-6974 को उत्कृष्ट कॉलर संतुष्टि और थाना सिगरा की पीआरवी-0598 को उत्कृष्ट कॉलर रिस्पॉन्स टाइम के लिए प्रशस्ति पत्र देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं, जिन पीआरवी की कार्यप्रणाली अपेक्षित स्तर की नहीं पाई गई, उनके प्रदर्शन में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, यूपी-112 प्रभारी नीतू कादयान समेत यूपी-112 के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी