home page

24 मार्च को होगा वैश्य महाकुंभ सम्मान समारोह एवं भजन उत्सव का भव्य आयोजन

 | 
24 मार्च को होगा वैश्य महाकुंभ सम्मान समारोह एवं भजन उत्सव का भव्य आयोजन


गोरखपुर, 22 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के तत्वावधान में “वैश्य महाकुंभ सम्मान समारोह एवं भजन उत्सव” का भव्य आयोजन 24 मार्च 2026, मंगलवार को सायं 6:00 बजे आशीष मैरिज हाउस (गोरखपुर क्लब), सिविल लाइंस, गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर वैश्य समाज में विशेष उत्साह का माहौल है।

इस संबंध में गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद विक्रम चौधरी, महानगर अध्यक्ष अनूप अग्रहरि, महानगर महामंत्री बृजेंद्र स्वरूप जायसवाल एवं युवा संगठन अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वैश्य समाज की एकजुटता को सुदृढ़ करना, समाज के प्रतिभाशाली एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित करना तथा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। समारोह में सामाजिक सेवा, चिकित्सा, शिक्षा, व्यापार, युवा नेतृत्व एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. गिरीश सांधी उपस्थित रहेंगे, जिनका आगमन हैदराबाद से गोरक्षनाथ की पावन धरती पर होगा। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में गोपाल मोर (राष्ट्रीय महासचिव) एवं सुधीर एस. हलवासिया (प्रदेश अध्यक्ष) शामिल होंगे।

विशिष्ट अतिथियों में चारु चौधरी (प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महिला एवं उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग), विराज सागर दास (अध्यक्ष, यूपी ओलंपिक एसोसिएशन एवं प्रबंध निदेशक, बीबीडी ग्रुप) तथा शैलेन्द्र अग्रहरि (प्रदेश महामंत्री) कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद विक्रम चौधरी ने कहा कि यह सम्मेलन गोरखपुर में वैश्य एकता को मजबूत करने और समाज के बीच आपसी संबंधों को सुदृढ़ बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा।

समारोह में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भजन गायक अनीस सोनी भक्ति संगीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंग प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात प्रीतिभोज का आयोजन भी किया जाएगा।

आयोजक मंडल ने वैश्य समाज के सभी गणमान्य व्यक्तियों, युवा साथियों एवं मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने और समाज की एकता को सशक्त करने की अपील की है।

कार्यक्रम के संयोजक मंडल में गिरीजा शंकर जायसवाल, रितेश अग्रहरि, अनूप किशोर अग्रवाल, आलोक चौरसिया, चन्द्र प्रकाश गुप्ता, सुनील बर्नवाल, नरेन्द्र जायसवाल, गणेश बर्मा, विमल अग्रहरि, हरिद्वार वर्मा, दिलीप मोदनवाल, त्रिभुवन वर्मा, जे.के. गुप्ता साहू, अशोक गुप्ता कसौधन, अनिल गुप्ता, प्रभुनाथ गुप्ता भोजवाल, गोपाल जायसवाल, सुनील केसरवानी, पदम अग्रवाल, सुनील अग्रहरि, निरंजन गुप्ता, सुनील गुप्ता, वीरेन्द्र गुप्ता, नायूराम गुप्ता, दिनेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

.

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय