सौर ऊर्जा से उत्तर प्रदेश को ऊर्जा हब बनाने की तैयारी : सीडीओ
कानपुर, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना और पीएम कुसुम योजना जैसे प्रयास घरों, किसानों और उद्योगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इससे न केवल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा बल्कि प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास को भी मजबूती मिलेगी। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बढ़ते निवेश से उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। यह बातें सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दीक्षा जैन ने कहीं।
विकास भवन में यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 से पहले जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और फर्स्ट व्यू द्वारा यूपीनेडा व उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सौर ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों, नीतियों और निवेश की सम्भावनाओं पर चर्चा की।
पीएचडीसीसीआई के सीनियर रीजनल डायरेक्टर अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का आयोजन सात से नौ मई तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय एक्सपो में देश-विदेश के 150 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे और 60 से अधिक वक्ता ऊर्जा क्षेत्र में नई तकनीकों, नीतियों और निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही 10 विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
संयुक्त निदेशक एमएसएमई वी.के. वर्मा ने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से उद्योगों की लागत कम हो सकती है और यह सतत विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अंजनीश प्रताप सिंह ने कहा कि सौर ऊर्जा उद्योगों के लिए तेजी से किफायती विकल्प बनती जा रही है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
यूपीनेडा के परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने पीएम सूर्य घर और पीएम कुसुम योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा अपनाने में अग्रणी राज्यों में शामिल हो सकता है। यूपी एनर्जी एक्सपो में रूफटॉप सोलर, बड़े सोलर प्रोजेक्ट्स और कमर्शियल व इंडस्ट्रियल सोलर समाधान प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा यूपी ईवी एक्सपो, यूपी स्मार्ट ग्रिड एक्सपो और यूपी स्टोरेज एक्सपो जैसे विशेष खंड भी शामिल होंगे। एक्सपो से पहले प्रदेश के विभिन्न शहरों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

