home page

यूपीएसएसएससी ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता पद का जारी किया कटऑफ, संविदा सेवा के लिए अधिकतम 15 अधिमानी अंक दिए जाने की व्यवस्था

 | 

लखनऊ, 24 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार की पहल का असर स्वास्थ्य कार्यकर्ता भर्ती प्रक्रिया में भी दिखाई दे रहा है।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) मुख्य परीक्षा-2024 के परिणाम के आधार पर 10,272 अभ्यर्थियों को पात्रता/अभिलेख परीक्षण के लिए अर्ह घोषित किया है।

इस भर्ती के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के कुल 5,272 पदों पर चयन किया जाना है।

मुख्य परीक्षा 11 जनवरी को आयोजित की गई थी। भर्ती प्रक्रिया में संविदा के आधार पर सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) के रूप में कार्य करने वाले अभ्यर्थियों के अनुभव को भी महत्व दिया गया है।

शासन के प्रावधानों के तहत संविदा सेवा के लिए अधिकतम 15 अधिमानी अंक दिए जाने की व्यवस्था की गई है। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में पहले से काम कर रहे अनुभवी अभ्यर्थियों को अवसर मिल रहा है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि पात्रता/अभिलेख परीक्षण के लिए यह अंतिम चयन परिणाम नहीं है। अंतिम चयन अभिलेख परीक्षण के बाद नियमानुसार घोषित किया जाएगा। सामान्य वर्ग की कटऑफ 61.75, अनुसूचित जाति की 56.75, अनुसूचित जनजाति की 31.75, अन्य पिछड़ा वर्ग की 55.25 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की 55 अंक रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक