गेहूं की मड़ाई में थ्रेसर में फंस गया युवक, माैत
प्रयागराज, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बहरिया थाना क्षेत्र के सराय दारा शिकोह उर्फ मिझिरा गांव में मंगलवार को गेंहू की थ्रेसरिंग के दौरान थ्रेसर में फंसकर युवक की जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव काे कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया जिले के बहरिया थाना क्षेत्र के सराय दारा शिकोह उर्फ मिझिउरा गांव निवासी सुमित कुमार (19) पुत्र राजकुमार गांव में ही मंगलवार को थ्रेसर में गेहूं की मड़ाई करते समय अचानक थ्रेसर में फंस गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने सुमित कुमार के शव को थ्रेसर से बाहर निकलवाया और परिवार से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस कहना है कि हादसे में मृत युवक मजदूरी करने के लिए गेहूं की मड़ाई करने में लगा हुआ था और हादसे का शिकार हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

