home page

राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक भर्ती 2025 की गणित मुख्य परीक्षा पुनः कराने की मांग : युवा मंच

 | 
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक भर्ती 2025 की गणित मुख्य परीक्षा पुनः कराने की मांग : युवा मंच


--उप सचिव को सौंपा ज्ञापन

प्रयागराज, 22 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक भर्ती 2025 के गणित विषय की मुख्य परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी एवं असंतोष व्याप्त है। अभ्यर्थियों ने युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह की अगुवाई में आयोग के उप सचिव को ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा में हुई गंभीर त्रुटियों की ओर ध्यान आकर्षित कराया है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि 17 मई 2026 को आयोजित गणित विषय की मुख्य परीक्षा में आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई उत्तर पुस्तिका में प्रश्नों के उत्तर लिखने हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया। उत्तर पुस्तिका में प्रश्नों के उत्तर के स्थान पर पूरे प्रश्नों का व्याख्यात्मक हल देने संबंधी प्रारूप होने के कारण अभ्यर्थियों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

अभ्यर्थियों के अनुसार आयोग द्वारा निर्धारित बुकलेट (उत्तर पुस्तिका) में सभी प्रश्नों के उत्तर लिखने हेतु पर्याप्त खाली स्थान नहीं था, जिससे परीक्षार्थियों ने चाहते हुए भी पूरे प्रश्न हल नहीं कर सके। जिससे उनमें निराशा एवं असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि आयोग परीक्षा कराने के बजाय परीक्षा प्रक्रिया का मजाक बना रहा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि अभ्यर्थियों द्वारा तैयार की गई व्याख्यात्मक उत्तर पुस्तिका लगभग 72 पृष्ठों की है, जबकि लोक सेवा आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखने हेतु पर्याप्त पृष्ठ नहीं दिए गए थे।

अभ्यर्थियों ने आयोग से मांग की है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर परीक्षा समिति से विचार-विमर्श करते हुए गणित विषय की मुख्य परीक्षा को पुनः आयोजित कराया जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं समान अवसर प्राप्त हो सके। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, बी एम भरद्वाज, महेंद्र, सुमित सहित अन्य अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र