home page

जौनपुर की राजिता सिंह 9वीं रैंक हासिल कर बनीं पीसीएस अधिकारी, बोलीं- हमारा लक्ष्य समाज की सेवा करना

 | 
जौनपुर की राजिता सिंह 9वीं रैंक हासिल कर बनीं पीसीएस अधिकारी, बोलीं- हमारा लक्ष्य समाज की सेवा करना


जौनपुर, 30 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की प्रतिभाशाली बेटी राजिता सिंह ने एक बार फिर अपनी मेहनत और लगन से सफलता का परचम लहराया है। यूपीपीसीएस- 2024 के जारी हुए रिजल्ट में केराकत तहसील क्षेत्र के हुरहुरी गांव की निवासी राजिता सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस- 2024 ) परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्हाेंने 9 वीं रैंक प्राप्त कर बीडीओ का पद प्राप्त किया है।

राजिता सिंह, एसडी पब्लिक स्कूल हुरहुरी की संचालिका रेखा सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे जौनपुर जनपद में उत्साह की लहर दौड़ गई है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से दूरभाष पर बात करते हुए राजिता ने अपनी सफलता का श्रेय भगवान, माता-पिता, गुरु और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य समाज की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में शिक्षा का माहौल रहा है, जिससे उन्हें हमेशा सही मार्गदर्शन मिला। राजिता ने कहा कि एक शिक्षक दिशा देता है, लेकिन एक अधिकारी समाज में व्यापक बदलाव ला सकता है, यही सोच उन्हें इस सेवा में लेकर आई।

उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा भी दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पीसीएस की तैयारी पर ध्यान केंद्रित किया और इंटरव्यू के बाद सफलता हासिल की। उन्होंने युवाओं, खासकर बेटियों से अपील की कि जब भी अवसर मिले, उसे पूरी मेहनत से अपनाएं और आगे बढ़ें।

राजिता के पिता डॉ. राजेश सिंह और माता रेखा सिंह ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। यह उपलब्धि न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव और जिले के लिए गर्व का क्षण है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव