उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक आचार्य के 910 पदों के लिए घोषित की साक्षात्कार की तारीख
लखनऊ, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज की ओर से सहायक आचार्य पद (विज्ञापन संख्या-51) के 33 विषयों में 910 पदों पर चयन के लिए लिखित परीक्षा पूरी होने के बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। परीक्षा में सफल 3155 का अभ्यर्थियों का परिणाम आयोग की ओर से बीती 09 जून 2026 घोषित कर दिया गया था। इस क्रम में सोमवार को आयोग की ओर से साक्षात्कार की तारीख भी घोषित कर दी गई है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार पत्र आज 29 जून 2026 से आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।
प्रयागराज उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के उपसचिव की ओर से सोमवार को इस संबंध में पत्र जारी कर जानकारी दी गई है। जारी पर में उपसचिव ने बताया है कि उक्त भर्ती के लिए 18 व 19 अप्रैल 2026 को परीक्षा आयोजित की गयी थी। लिखित परीक्षा में 3155 सफल अभ्यर्थियों का परिणाम आयोग ने बीती 09 जून 2026 को घोषित किया था। अब उक्त अभ्यर्थियों का साक्षात्कार अगले माह जुलाई से विभिन्न तिथियों में आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार प्रक्रिया 21 जुलाई मंगलवार से इकनॉमिक्स पदों के चयन से प्रारंभ की जाएगी। अगले दिन बुधवार को वनस्पति विज्ञान, दर्शनशास्त्र के साक्षात्कार होंगे। 23 तारीख गुरुवार को रसायन विज्ञान, 24 जुलाई शुक्रवार को अंग्रेजी के लिए साक्षात्कार होंगे। इसके बाद 28 जुलाई 2026 को कृषि अर्थशास्त्र, मानव विज्ञान, भूगोल के लिए साक्षात्कार, 29 जुलाई को बुधवार को भौतिकी, मनोविज्ञान, अगले दिन 30 जुलाई को आर्ट, संस्कृत और उर्दू के लिए साक्षात्कार, 31 जुलाई को प्राचीन इतिहास, मिलिट्री साइंस/डिफेंस स्टडीज़, म्यूज़िक वोकल के लिए साक्षात्कार होंगे। इसके बाद 04 अगस्त मंगलवार को शिक्षा और इतिहास, 05 अगस्त को बुधवार को पशुपालन और डेयरी, संगीत तबला, शारीरिक शिक्षा, प्राणीशास्त्र, 06 अगस्त को कानून, राजनीति विज्ञान और 07 अगस्त को हिन्दी और अंकगणित के लिए साक्षात्कार होंगे। इसके बाद 11 अगस्त को दोबारा हिन्दी, 12 अगस्त को एशियाई संस्कृति, बागवानी, संगीत (सितार/वाद्य-संगीत), समाजशास्त्र, सांख्यिकी और अंतिम दिन 13 अगस्त को वाणिज्य, गृह विज्ञान के लिए साक्षात्कार किए जाएंगे।
प्रयागराज उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के उपसचिव ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार पत्र आज 29 जून से डाउनलोड किए जा सकते हैं। पत्र डाउनलोड करने के लिए दिशा-निर्देश एवं अभ्यर्थियों हेतु महत्वपूर्ण अनुदेश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर प्रदर्शित है।
खास बात यह है कि उक्त साक्षात्कार उच्च न्यायालय में योजित विशेष अपील संख्या-368/2026 हरविंदर सिंह व अन्य बनाम उप्र राज्य व अन्य में पारित आदेश 17 अप्रैल 2026 एवं उक्त आदेश के विरूद्ध उच्चतम न्यायालय में योजित विशेष अनुज्ञा याचिका (डायरी) संख्या-23758/2026 धीरज चंदानी एवं उप्र राज्य व अन्य में पारित आदेश 25 मई के अधीन रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

