home page

कृषि एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यूपीकैटेट आवेदन शुरू, 30 अप्रैल तक मौका

 | 
कृषि एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यूपीकैटेट आवेदन शुरू, 30 अप्रैल तक मौका


कानपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। कृषि एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र के कृषि विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।” शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अभ्यर्थी 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। यह बातें शनिवार को कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. देवेंद्र सिंह ने कही।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के इटावा परिसर में विभिन्न स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश यूपीकैटेट के माध्यम से किया जाएगा। अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा, पात्रता, शुल्क एवं अन्य विवरणों की जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइटों के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।

महाविद्यालय में उपलब्ध सीटों के अनुसार बीटेक कृषि अभियंत्रण में 29 सीटें तथा आईसीएआर कोटे की सात सीटें, डेयरी प्रौद्योगिकी में 40 सीटें तथा आठ आईसीएआर सीटें, मत्स्य विज्ञान स्नातक में 40 सीटें तथा आठ आईसीएआर सीटें निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त परास्नातक स्तर पर कृषि अभियंत्रण और यांत्रिक अभियंत्रण में 5-5 सीटें उपलब्ध हैं।

अन्य तकनीकी पाठ्यक्रमों में बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियंत्रण, कंप्यूटर साइंस अभियंत्रण और यांत्रिक अभियंत्रण में 36-36 सीटें निर्धारित की गई हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शीघ्र ही एकेटीयू जेईई मेन्स के माध्यम से प्रारंभ की जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र आधुनिक तकनीकी ज्ञान प्राप्त कर कृषि और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में बेहतर करियर बना सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद