रोजगार मेले में 450 से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन
मीरजापुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मवई कला स्थित पंचशील डिग्री कॉलेज में सोमवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन हुआ। मेले में 14 कंपनियों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न पदों की जानकारी दी और युवाओं का पंजीयन कराया। 450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने रोजगार के लिए पंजीयन कराया।
मुख्य अतिथि छानबे विधायक रिंकी कोल ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं से आवेदन लिए और विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। मेले में पंजीयन कराने वाले युवाओं का चयन संबंधित कंपनियों की प्रक्रिया के अनुसार किया जाना है।
सहायक सेवा नियोजन अधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कंपनियों को आमंत्रित किया गया था। ऐसे मेले समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे। कॉलेज प्रबंधक लालबहादुर मौर्य समेत अन्य वक्ताओं ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्राचार्य राघवेंद्र कुमार श्रीवास्तव समेत कॉलेज के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

