home page

आम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

 | 
आम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, हत्या की आशंका


मीरजापुर, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में विंध्याचल थाना क्षेत्र के बिरोही गांव में शनिवार सुबह आम के पेड़ से चादर के फंदे के सहारे 28 वर्षीय युवक का शव लटकता मिला। शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल की जांच कराई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान गांव निवासी शिवशंकर उर्फ दयाशंकर यादव पुत्र स्व. लालता प्रसाद के रूप में हुई। वह गुजरात में निजी कंपनी में काम करता था। मृतक के बड़े भाई कृपाशंकर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे प्रयागराज जंक्शन से एटीएम के जरिए रुपये निकालने का मैसेज मिला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह दीपावली पर घर लौट रहा है। शनिवार सुबह घर से करीब सौ मीटर दूर उसका शव पेड़ से लटकता मिला।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव देखते ही पत्नी सोनी सहित परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा