युवाओं ने संभाली सड़क सुरक्षा की कमान, रैली से दिया सुरक्षित जीवन का संदेश
मीरजापुर, 15 मार्च (हि.स.)। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रथम एवं द्वितीय इकाई के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे सप्तदिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत रविवार को यातायात एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई।
“यातायात नियम अपनाएं, जीवन बचाएं” कार्यक्रम के तहत निकाली गई रैली में स्वयंसेवकों ने शहर के मुख्य मार्गों पर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को पुष्प देकर आगे से हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम मोहन अस्थाना ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेज गति और नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति के कारण कई दुर्घटनाओं का कारण बन जाती है। इसी को देखते हुए सरकार ने विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में सड़क सुरक्षा को शामिल किया है, ताकि छात्र जागरूक होकर अपने जीवन में सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ सकें।
मुख्य वक्ता नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक शिव शंकर ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा देते हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है, कृपया इसे बचाएं और यातायात नियमों से इसे सजाएं।
रैली शिविर स्थल से निकलकर मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः शिविर स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। अंत में डॉ. आशुतोष कुमार तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. ध्रुव जी पांडेय, डॉ. वसीम अकरम अंसारी, डॉ. अभिषेक कुमार मौर्य सहित प्राध्यापक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

