home page

साइकिल गंगा में फेंक युवक ने शास्त्री सेतु से लगाई छलांग, तलाश में जुटी पुलिस

 | 
साइकिल गंगा में फेंक युवक ने शास्त्री सेतु से लगाई छलांग, तलाश में जुटी पुलिस


- कांवरियों ने बचाने का किया प्रयास, गहरे पानी में समाया युवक; देर शाम तक नहीं चला पता

मीरजापुर, 14 अगस्त (हि.स.)। चेतगंज क्षेत्र में मिर्जापुर-औराई मार्ग पर स्थित शास्त्री सेतु से शुक्रवार की शाम करीब सात बजे एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई। युवक की पहचान नहीं हो सकी है और देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पहले अपनी साइकिल पुल से गंगा नदी में फेंकी। इसके बाद उसने खुद भी नदी में छलांग लगा दी। युवक को गंगा में कूदते देख वहां से गुजर रहे कांवरियों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते युवक गहरे पानी में चला गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने शास्त्री सेतु पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी भी ली।

युवक के पास से मिली साइकिल के आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।

कटरा कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि शास्त्री सेतु से एक युवक के गंगा में छलांग लगाने की सूचना मिली है। मौके पर पुलिस टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। युवक की तलाश और पहचान के लिए प्रयास जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा