मीरजापुर में शास्त्री ब्रिज से गंगा में कूदा युवक लापता
मीरजापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले में शास्त्री ब्रिज से शनिवार शाम एक बाइक सवार युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों के शोर मचाने तक युवक देखते ही देखते गंगा की धारा में समा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पुल पर खड़ी बाइक को कब्जे में लेकर युवक की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था।
भदोही जनपद के चौरी थाना क्षेत्र के दुरासी गांव निवासी शिवम पांडेय (21) शनिवार शाम करीब पांच बजे बाइक से शास्त्री ब्रिज पर पहुंचा। उसने पुल पर बाइक खड़ी की और कुछ देर इधर-उधर देखने के बाद अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदते देख राहगीरों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पुल पर खड़ी बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। बाइक नंबर के आधार पर युवक के मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाकर उसके परिजनों को घटना की सूचना दी गई। शाम करीब सात बजे शिवम के पिता शिवबली पांडेय थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि शिवम मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था और उसका वाराणसी से उपचार चल रहा था। पिता के अनुसार वह पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।
थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि बाइक सवार युवक के गंगा में छलांग लगाने की सूचना मिली है। युवक की तलाश कराई जा रही है। घटना की सूचना पर उसके परिजन भी पहुंच गए हैं। पिता की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

