home page

दिबियापुर में तीन नवंबर को होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव, पांच विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे युवा

 | 
दिबियापुर में तीन नवंबर को होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव, पांच विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे युवा


नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत होगी थीम, 15 से 29 वर्ष तक के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग

औरैया, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से तीन नवंबर 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दिबियापुर में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार उत्सव की थीम 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' रखी गई है। जिलाधिकारी ने आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। प्रतिभागी का जनपद का मूल निवासी होना अथवा यहां के किसी शैक्षणिक संस्थान में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। सभी प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्सव में लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक विधा में हिस्सा ले सकेगा। समूह प्रतियोगिताओं में अधिकतम 10 कलाकारों का दल प्रतिभाग कर सकेगा। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, युवतियों की कम से कम 30 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए विकास भवन स्थित युवा कल्याण कार्यालय अथवा क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आशुतोष मिश्र के मोबाइल नंबर 9650179981 पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार