जमीन विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान
मीरजापुर, 13 जून (हि.स.)। जिले में राजगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बघौड़ा गांव में शनिवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर गाली-गलौज और विवाद से मानसिक रूप से आहत करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने दो आरोपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बघौड़ा गांव निवासी बृजेश कुमार सोनी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे घर के पास सड़क किनारे स्थित जमीन को लेकर पड़ोसी राम दुलार उर्फ पग्गल और उनके परिवार के लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज की गई और मारपीट के लिए दौड़ाया गया।
परिजनाें का कहना है कि इस घटना से आहत होकर बृजेश के छोटे भाई 28 वर्षीय नितेश सोनी ने गांव के बाहर मड़हवा तालाब के पास स्थित एक इमली के पेड़ पर प्लास्टिक के पट्टे और गमछे के सहारे फांसी लगा ली। जब तक लोगों की नजर उस पर पड़ती, उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने थाने में तहरीर देकर पड़ोसी राम दुलार और उनके पुत्रों को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर दो आरोपिताें के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
राजगढ़ थाना प्रभारी बाल मुकुंद मिश्र ने बताया कि युवक की फांसी लगाने से मृत्यु हुई है। परिजन की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

