home page

16 घंटे बाद लिखनिया दरी से मिला युवक का शव, एसडीआरएफ ने किया बरामद

 | 
16 घंटे बाद लिखनिया दरी से मिला युवक का शव, एसडीआरएफ ने किया बरामद


- बंद पर्यटन स्थल में प्रवेश पर फिर उठे सवाल

मीरजापुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के लिखनिया दरी पर्यटन स्थल पर रविवार को स्नान के दौरान डूबे 18 वर्षीय मोहम्मद नसीर का शव सोमवार सुबह करीब छह बजे पानी में उतराया मिला। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद नसीर अपने चार दोस्तों के साथ रविवार को दो बाइक से लिखनिया दरी घूमने आया था। प्रतिबंध के बावजूद सभी युवक पर्यटन स्थल के अंदर पहुंच गए और डोंगिया बांध से छोड़े गए तेज बहाव वाले पानी में स्नान करने लगे। इसी दौरान पैर फिसलने से नसीर गहरे पानी में डूब गया। रविवार शाम एसडीआरएफ ने तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने डोंगिया बांध से छोड़े गए पानी को बंद कराया। पानी का बहाव कम होने पर सोमवार सुबह शव कुंड में उतराता दिखाई दिया, जिसे एसडीआरएफ ने बाहर निकाल लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बंद होने के बाद भी कैसे पहुंच रहे लोग

प्रशासन ने करीब छह माह पहले सुरक्षा कारणों से लिखनिया दरी का मुख्य गेट बंद कर तारबंदी करा दी थी। इसके बावजूद लोग मुख्य गेट के किनारे और पहाड़ी के अन्य रास्तों से अंदर पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निगरानी के अभाव में प्रतिबंध का पालन नहीं हो रहा, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है।

20 वर्ष बाद लिखनिया दरी में डूबने की घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार लिखनिया दरी में करीब 20 वर्ष बाद डूबने की यह घटना हुई है। वहीं पास स्थित चुना दरी में पिछले कुछ वर्षों में एक दर्जन से अधिक लोग डूब चुके हैं। लगातार हादसों के चलते ही प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से पर्यटन स्थल पर प्रवेश प्रतिबंधित किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा