home page

बडे़ भाई ने शराब पीने से मना किया ताे छोटे भाई ने कर ली खुदकुशी

 | 
बडे़ भाई ने शराब पीने से मना किया ताे छोटे भाई ने कर ली खुदकुशी


कानपुर, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के सचेण्डी थाना क्षेत्र में शराब पीकर घर आने पर बड़े भाई की डांट से आहत होकर एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। बीती रात उसका शव घर के पास अमरूद के पेड़ से चादर के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

चरगांव निवासी पीड़ित पिता कल्लू ने बताया कि परिवार में पत्नी शकुंतला के अलावा चार बेटे जगदीश, सुरेश, नरेश और राजेश (21) थे, जबकि दो बेटियां राखी और खुशी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। मृतक राजेश एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था, लेकिन उसे शराब पीने की लत थी। उन्हाेंने बताया कि रविवार देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा, जिस पर बड़े भाई नरेश ने उसे डांटते हुए कहा कि अब शराब पीकर घर मत आया करो, क्योंकि रोज नशे में आने से घर में झगड़ा होता है। इसके बाद राजेश बिना बताए घर से निकल गया। कुछ देर बाद उसने घर के पास ही अमरूद के पेड़ से चादर के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। गांव के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि राजेश का शव पेड़ से लटक रहा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सचेण्डी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप