वर्ष 2017 से पहले बदहाल स्थिति में था होमगार्ड विभाग, योगी सरकार ने दिया सम्मान : धर्मवीर प्रजापति
- पिछली सरकारों ने होमगार्ड जवानों को उपेक्षित रखा, ऐतिहासिक फैसले ले रही भाजपा सरकार
मीरजापुर, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने शुक्रवार काे विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने वाली सरकारों ने होमगार्ड जवानों को केवल इस्तेमाल किया, लेकिन उनके हितों और सुविधाओं की कभी चिंता नहीं की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पहली बार होमगार्ड जवानों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।
राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति शुक्रवार को विंध्याचल के कलना पहाड़ी स्थित परसिया गांव में मंडलीय होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र व कार्यालय का शिलान्यास करने मीरजापुर आए थे। शिलान्यास के उपरांत 'हिन्दुस्थान समाचार' से राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले होमगार्ड विभाग बदहाल स्थिति में था। जवानों को न पर्याप्त सुविधाएं मिलती थीं और न ही उनके भविष्य की कोई चिंता की जाती थी। आज प्रदेश सरकार होमगार्ड विभाग को मजबूत करने के लिए लगातार ऐतिहासिक फैसले ले रही है। वर्ष 1962 के बाद पहली बार 41,426 जवानों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई, जो यह साबित करता है कि सरकार युवाओं और सुरक्षा व्यवस्था दोनों को मजबूत करने के लिए गंभीर है।
मंत्री ने कहा कि पहले ड्यूटी के दौरान किसी जवान की मृत्यु होने पर परिवार को मात्र तीन लाख रुपये की सहायता मिलती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया। साथ ही बैंकों से समझौता कर अतिरिक्त 35 लाख रुपये की सहायता सुनिश्चित की गई है। अब किसी हादसे की स्थिति में जवान के परिवार को कुल 40 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल बयानबाजी करता रहा, जबकि हमारी सरकार जमीन पर काम कर रही है। जिन जिलों में होमगार्ड मुख्यालय नहीं थे वहां भवन बन रहे हैं, मंडलीय कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं और जवानों के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। दैनिक भत्ता और प्रशिक्षण भत्ता भी समान कर दिया गया है, ताकि जवानों का मनोबल बढ़े।
पौधरोपण और जल संरक्षण को बनाएं जनआंदोलन
धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों पर समान रूप से काम कर रही है। उन्होंने लोगों से पौधरोपण और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा और पानी देना हम सबकी जिम्मेदारी है।
मीरजापुर, सोनभद्र व भदोही के जवानों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण
राज्यमंत्री धर्मवीर ने कहा कि नए प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण से विंध्याचल मंडल के मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के होमगार्ड जवानों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे जवानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आपदा प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्था में उनकी भूमिका और मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि अब तक जवानों को प्रशिक्षण के लिए दूसरे जनपदों में जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की दिक्कत होती थी। परसिया गांव में प्रशिक्षण केंद्र बनने से स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

