home page

योगी का अध्यात्म और अर्थ के टेंपल इकोनॉमी मॉडल की हो रही प्रशंसा : अमरजीत मिश्रा

 | 
योगी का अध्यात्म और अर्थ के टेंपल इकोनॉमी मॉडल की हो रही प्रशंसा : अमरजीत मिश्रा


- वाराणसी में उत्तर चेतना का भव्य विमोचन

वाराणसी, 22 फरवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर वाराणसी पहुंचे मुंबई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी की 'टेंपल इकॉनमी मॉडल' उत्तर प्रदेश की अर्थ व्यवस्था का सशक्त मॉडल बनकर उभरा है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, प्रयागराज ही नहीं, योगी मॉडल का असर छोटे शहरों तक दिखाई दे रहा है। पिछली सरकारों में उपेक्षित रहे राज्य के प्राचीन धार्मिक स्थलों पर आधारभूत ढांचे के विकास से पर्यटन को बल मिला है। सुविधाएं बढ़ीं तो श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या में भी भारी इजाफा हुआ है।

इससे पहले वाराणसी के सर्किट हाउस में भाजपा नेता अमरजीत मिश्रा ने मुंबई की सामाजिक सांस्कृतिक संस्था अभियान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर आधारित पुस्तक उत्तर चेतना का विमोचन किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन राहुल मेहता, अभिषेक यादव और डॉ गुप्ता ने मिलकर किया। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा सोमनाथ विश्वकर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद