योग वैलनेस सेंटर में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित, प्राकृतिक उपायों पर दिया जोर
औरैया, 02 अप्रैल (हि.स.) । राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से गुरुवार काे प्रातःकालीन सत्र में स्थानीय तिलक स्टेडियम परिसर में योग साधकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सत्र में उपस्थित वृद्ध एवं युवा साधकों को बिगड़ते स्वास्थ्य के कारणों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार बिना अनावश्यक जांच और दवाइयों के, प्राकृतिक तरीकों को अपनाकर स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। विशेषज्ञों ने दैनिक दिनचर्या, खान-पान और स्वच्छ वातावरण के महत्व पर भी जोर दिया।
योग प्रशिक्षक मिथुन मिश्रा ने पाचन तंत्र को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए मंडूकासन, उत्तानपादासन और पवनमुक्तासन जैसे योगाभ्यास करवाए। इसके अतिरिक्त बुजुर्ग साधकों को विशेष रूप से पेट व आंतों की सफाई बनाए रखने के उपाय भी बताए गए, जिनमें आवश्यकतानुसार एनिमा जैसी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि व्यक्ति यदि स्वयं स्वस्थ रहेगा तो अपने आसपास के वातावरण को भी स्वस्थ बनाने में योगदान दे सकता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और योगाभ्यास कर लाभ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

