home page

यम द्वितीया पर प्रदेश भर में बहनों ने भाइयों को किया टीका, एक साथ लगाई आस्था की डुबकी

 | 
यम द्वितीया पर प्रदेश भर में बहनों ने भाइयों को किया टीका, एक साथ लगाई आस्था की डुबकी


यम द्वितीया पर प्रदेश भर में बहनों ने भाइयों को किया टीका, एक साथ लगाई आस्था की डुबकी


यम द्वितीया पर प्रदेश भर में बहनों ने भाइयों को किया टीका, एक साथ लगाई आस्था की डुबकी


मथुरा, 11 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश भर में बुधवार दको यमद्वितीया पर्व बड़े ही धूमधाम से सम्पन्न हुआ। काफी स्थानों पर यह पर्व मंगलवार को भी मनाया गया, जबकि बुधवार को सबसे अधिक श्रद्धालुओं ने यह पर्व मनाया। गोवर्धन पूजा के दूसरे दिन भाई दूज यानी यम द्वितीया का पर्व देश भर में अत्यंत हर्षाेल्लास और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित प्रसिद्ध विश्राम घाट पर देश के कोने-कोने से आए लाखों भाई-बहनों ने सूर्य की पहली किरण के साथ यमुना नदी में एक साथ डुबकी लगाई। मान्यता है कि इस विशेष दिन भाई-बहन के साथ यमुना स्नान करने से भाइयों को यमराज के प्रकोप (यम की फांस) से मुक्ति मिलती है और वे बैकुंठ धाम को प्राप्त होते हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और पांच लाख श्रद्धालुओं का अनुमान

जिला प्रशासन ने इस बार पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन और चार सेक्टरों में विभाजित किया गया था, जहां सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। यमुना नदी में सुरक्षा उपकरणों और गोताखोरों के साथ 300 से अधिक नावें तैनात की गई थीं। साथ ही प्रशासन ने लगातार गहरे पानी में न जाने की अपील की। जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान लगाया गया था। गुजरात, बड़ौदा, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, भिंड और मुरैना जैसे विभिन्न राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।

बड़ौदा से आए श्रद्धालु मिलन शाह ने बताया कि वे अपनी बहन के साथ विशेष रूप से यमुना स्नान के लिए मथुरा पहुंचे हैं। यहां आकर उन्हें बेहद शांति और अच्छा अनुभव हुआ। साथ ही उन्होंने विश्राम घाट स्थित धर्मराज और यमुना जी के मंदिर में भी दर्शन किए। वहीं, मेंहदीपुर बालाजी से आए सोनू ने बताया कि बहन के साथ हाथ पकड़कर यमुना में स्नान करने की परंपरा और यमराज के प्रकोप से मुक्ति की मान्यता के तहत उन्होंने यहां आस्था की डुबकी लगाई। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र ने बताया कि देर रात से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही हैं।

काशी और आगरा में भी दिखा उत्साह

मथुरा के अलावा काशी (वाराणसी) में भी भाई दूज और गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों और पूजा स्थलों पर महिलाओं की चहल-पहल रही। बहनों ने भाइयों की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करते हुए गोवर्धन बाबा का पूजन किया और गोधन कूटने की पारंपरिक रस्म पूरी की। इसके अलावा जो लोग मथुरा नहीं पहुंच सके, उन्होंने आगरा के कैलाश घाट, बल्केश्वर महादेव और बटेश्वर में यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाकर यम द्वितीया का पर्व मनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार