home page

वाराणसी में गेहूं उद्योग की दो दिवसीय गोष्ठी शुरु, समस्याओं पर चर्चा के साथ उद्यमी होंगे सम्मानित

 | 
वाराणसी में गेहूं उद्योग की दो दिवसीय गोष्ठी शुरु, समस्याओं पर चर्चा के साथ उद्यमी होंगे सम्मानित


वाराणसी, 09 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में गुरुवार काे व्हीट प्रॉडक्ट्स प्रमोशन सोसायटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय गोष्ठी का शुभारंभ हुआ। इसमें 81 शहरों से गेहूं उद्योग से जुड़े 350 प्रतिनिधियों और 50 से अधिक वक्ताओं भाग ले रहे हैं। गाेष्ठी की शुरुआत करते हुए व्हीट प्रॉडक्ट्स प्रमोशन सोसायटी के अध्यक्ष अजय गोयल ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और इसके उद्देश्याें पर प्रकाश डाला।

यूपी आरएफएमए के अध्यक्ष दीपक बजाज ने गोष्ठी के स्वागत सत्र में बताया कि गेहूं के किसानों की समस्या से लेकर गेहूं उत्पाद और उद्यम को लेकर विचार मंथन इस गोष्ठी में दो दिनों के भीतर होना है। इस गोष्ठी में राज्य सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल सायंकाल उपस्थित रहेंगे और उनके हाथों गेहूं उद्योग के प्रमुख लोगों और किसानों का सम्मान होगा। सेवानिवृत्त आईएएस मनोज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में रहेंगे।

व्हीट प्रॉडक्ट्स प्रमोशन सोसायटी के अध्यक्ष अजय गोयल ने कहा कि वाराणसी में आए हुए सभी प्रमुख लोगों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। ये रजिस्ट्रेशन काशी के नाम पर ज्यादा हुआ है। गेहूं से बनने वाली बिस्कुट, ब्रेड, आटा, नूडल्स, पास्ता उद्योग से जुड़े उद्यमियों को यहां आमंत्रित किया गया है। गेहूं उद्योग के क्षेत्र में क्या अच्छा कर सकते हैं, इसको लेकर मंथन होगा। एक बिस्कुट का पैकेट के उद्योग में पूरी चैन है। बिस्कुट बनाने, पैक करने, उसे पहुंचाने में कितने लोग लगते हैं। यह एक बड़ी चैन है। इस गोष्ठी में गेहूं की वैरायटी पर चर्चा होगी। गेहूं की खपत, उत्पाद और वितरण पर भी चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि पंजीकृत उद्यमियों और किसान प्रतिभागियों के लिए वाराणसी का एक विशेष सांस्कृतिक और आध्यात्मिक अनुभव भी रखा गया है। इसमें गंगा क्रूज, गंगा द्वार से काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन, गंगा आरती दर्शन सहित जलपान, रात्रि भोजन शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद