home page

पत्थर खदान में करंट लगने से श्रमिक की मौत

 | 
पत्थर खदान में करंट लगने से श्रमिक की मौत


मीरजापुर, 28 जुलाई (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के जिगना पहाड़ी स्थित एक पत्थर खदान में मंगलवार शाम करंट लगने से एक श्रमिक झुलस गया। साथी मजदूर आनन-फानन में घायल श्रमिक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक की पहचान नरेन्द्र कुमार (35) पुत्र शिवचरण सिंह, निवासी बगदारी, पोस्ट देवहारी, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। वह जिगना पहाड़ी स्थित एक खनन पट्टा क्षेत्र में मशीन से पत्थर निकालने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया, जिससे गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद खदान क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा