home page

राम नवमी से पहले मीरजापुर में मातृशक्ति की स्कूटी यात्रा, गूंजे जय श्रीराम के नारे

 | 
राम नवमी से पहले मीरजापुर में मातृशक्ति की स्कूटी यात्रा, गूंजे जय श्रीराम के नारे


मीरजापुर, 25 मार्च (हि.स.)। राम नवमी से पूर्व शहर में उत्सव का माहौल तेज हो गया है। बुधवार को श्रीराम जन्मोत्सव भव्य शोभायात्रा समिति की ओर से नगर में भव्य स्कूटी यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों मातृशक्ति बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यात्रा रेलवे स्टेशन रोड से शुरू होकर संगमोहाल, कच्ची सड़क, रतनगंज, तेलियागंज, घंटाघर, वासलीगंज, बसनई बाजार और मुकेरी बाजार समेत विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। पूरे रास्ते “जय श्रीराम” के नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

स्कूटी यात्रा में शामिल महिलाओं ने फूल नहीं चिंगारी हैं, हम भारत की नारी हैं, जय भवानी-जय श्रीराम, गर्व से कहो हम हिन्दू हैं, जैसे नारों के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। कई महिलाएं झांसी की रानी सहित विभिन्न पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं, जिसने यात्रा को और आकर्षक बना दिया।

यात्रा के दौरान जगह-जगह आम जनमानस द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया और जल-पान की भी व्यवस्था रही।

इस अवसर पर प्रांत संयोजिका दिव्या, समिति की संरक्षक पूर्व प्राचार्य वीना सिंह, महिला प्रभारी शिखा अग्रवाल, महिला प्रमुख पूनम चौरसिया, सह प्रमुख सपना सिंह, सैफाली जैन, गुंजा गुप्ता, सोनम चतुर्वेदी, सीमा खत्री, सारिका मैनी, सोनम पांडेय समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा