home page

इंजेक्शन लगते ही महिला की मौत,परिजनों का मेडिकल स्टोर पर हंगामा

 | 
इंजेक्शन लगते ही महिला की मौत,परिजनों का मेडिकल स्टोर पर हंगामा


फर्रुखाबाद, 24 अप्रैल (हि.स)। शहर कोतवाली क्षेत्र के बजरिया मोहल्ले में शुक्रवार काे एक मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के बाद महिला की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया किथाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के ग्राम नियामतपुर खेड़ा निवासी गीता (40) खांसी-जुकाम की दवा लेने बजरिया स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहुंची थीं। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद मेडिकल स्टोर मालिक के भाई, जो खुद को बीएएमएस चिकित्सक बताते हैं, ने डॉक्टर की सलाह का हवाला देकर महिला को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही कुछ देर बाद गीता की हालत बिगड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना पर डायल 112, थाना मऊ दरवाजा पुलिस, कोतवाली पुलिस और महिला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मेडिकल स्टोर मालिक, कंपाउंडर समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar