मीरजापुर में पीले परिधानों में उमड़ी आस्था, गंगाजल लेकर शिवालय पहुंचीं महिलाएं
मीरजापुर, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर सोमवार को शहर में विभिन्न कार्यक्रमाें से भक्तिमय माहौल बन गया। गंगा तट से निकली कलश यात्रा में महिलाओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। पीले वस्त्र धारण किए महिलाओं ने बरिया घाट से गंगाजल भरकर पंचमुखी महादेव मंदिर तक पदयात्रा की और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
सुबह से ही बरिया घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। महिलाओं ने शिव भजनों और जयकारों के बीच कलश यात्रा निकाली। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती शोभायात्रा में भक्ति का रंग साफ दिखाई दिया। पंचमुखी महादेव मंदिर पहुंचने पर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ और भारतीय संस्कृति में उसके महत्व की जानकारी भी दी गई। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिव मंदिरों पर कलश यात्रा निकालकर जलाभिषेक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

