home page

चलती मगध एक्सप्रेस में शिशु का जन्म, आरपीएफ ने दिखाई तत्परता

 | 
चलती मगध एक्सप्रेस में शिशु का जन्म, आरपीएफ ने दिखाई तत्परता


मीरजापुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा उठने पर मगध एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रही एक महिला ने शिशु को जन्म दिया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जच्चा-बच्चा को सुरक्षित जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।

घटना बीती रात गाड़ी संख्या 20801 मगध एक्सप्रेस में हुई। 35 वर्षीय पूर्णिया देवी अपने पति सुधीर मांझी और दो बच्चों के साथ इस्लामपुर से कानपुर जा रही थीं। देर रात करीब 12:40 बजे वाणिज्य विभाग के माध्यम से आरपीएफ को सूचना मिली कि जनरल कोच में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है और तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता है।

सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम सक्रिय हो गई। सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार व कांस्टेबल प्रदीप कुमार पाल द्वितीय ने वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों रविंद्र कुमार विश्वकर्मा व विशाल कुमार के साथ समन्वय स्थापित किया। रात 12:45 बजे ट्रेन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंचते ही टीम ने प्रसूता को सहायता उपलब्ध कराई।

करीब एक बजे रेलवे चिकित्सक डॉ. वी.के. सिंह मौके पर पहुंचे और महिला को प्राथमिक उपचार दिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम पूर्णिया देवी (35), पत्नी सुधीर मांझी, निवासी लालपुर, थाना कंवाकोल, जनपद नवादा (बिहार) बताया। प्राथमिक उपचार के बाद जच्चा-बच्चा को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में भर्ती कराने की प्रक्रिया में कांस्टेबल प्रदीप कुमार पाल द्वितीय को साथ भेजा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा