शहतूत के पेड़ से लटकता मिला विवाहिता का शव
मीरजापुर, 11 मई (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के जौगढ़ ग्राम सभा के राजस्व गांव पतार में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव घर के पीछे शहतूत के पेड़ से लटकता मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पतार गांव निवासी 36 वर्षीय सीता पत्नी अर्जुन बनवासी अपने मायके में रह रही थी। परिजनों के अनुसार रविवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह सोने चली गई थी। देर रात वह कब घर से बाहर निकली, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। सुबह जब परिजन घर के पीछे पहुंचे तो शहतूत के पेड़ पर साड़ी के फंदे के सहारे उसका शव लटकता देख उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। मृतका का 17 वर्षीय पुत्र जिलाजीत है। पति अर्जुन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है।
कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि पेड़ से लटकता विवाहिता का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

