home page

छत से गिरकर घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

 | 
छत से गिरकर घायल महिला की इलाज के दौरान मौत


मीरजापुर, 30 मई (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में आंधी के दौरान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला ने प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

मड़वा धनावल गांव निवासी किसान राम नारायण सरोज की पत्नी गीता देवी (48) शुक्रवार भोर में अपने पक्के मकान की छत पर सो रही थीं। इसी दौरान तेज आंधी चलने लगी। नींद खुलने पर वह छत से नीचे उतरने के लिए सीढ़ियों की ओर बढ़ रही थीं कि अचानक तेज हवा के झोंके से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़ीं।

हादसे में गंभीर रूप से घायल गीता देवी को परिजन तत्काल निजी वाहन से प्रयागराज स्थित जीवन ज्योति अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा था। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद शनिवार सुबह करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई।

मृतका अपने पीछे पति और दो पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिवार की आजीविका खेती पर निर्भर है। महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

ग्राम प्रधान रमेश सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और शासन स्तर से हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा