home page

संदिग्ध हालात में महिला की मौत, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

 | 
संदिग्ध हालात में महिला की मौत, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज


मीरजापुर, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले पड़री थाना क्षेत्र स्थित उमरिया गांव में सोमवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

उमरिया गांव निवासी मिट्ठू सरोज की पत्नी उर्मिला देवी की सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें पीएचसी पड़री ले गए, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उर्मिला को मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की जानकारी मिलते ही पड़री पुलिस मौके पर पहुंच गई। पति की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर उमाशंकर मिश्र भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।

सीओ सदर उमाशंकर मिश्र ने बताया कि महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा