सर्पदंश से महिला की मौत
मीरजापुर, 09 मार्च (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के जफरपुरा गांव में सोमवार की शाम सर्पदंश से 45 वर्षीय महिला लालदेई देवी की झाड़-फूंक के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि लालदेई देवी घर में पशुओं को खिलाने के लिए रखे भूसे को निकाल रही थीं। इसी दौरान भूसे के बीच छिपे जहरीले सर्प ने उन्हें डंस लिया, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो पहले गांव में ही झाड़-फूंक कराई गई।
हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए बाहर ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका का शव जब घर पहुंचा तो गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक जमालपुर राम नारायण राम ने बताया कि सर्पदंश से महिला की मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

