home page

दो पहिया वाहन से गिरकर महिला की मौत, पति के साथ घर लौटते समय हुआ हादसा

 | 
दो पहिया वाहन से गिरकर महिला की मौत, पति के साथ घर लौटते समय हुआ हादसा


मीरजापुर, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चुनार कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में लूना पर सवार महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन में कोहराम मच गया। अहरौरा डीह निवासी सुशीला देवी (58) पत्नी राम प्रकाश प्रजापति अपने पति के साथ टीवीएस लूना से पड़री से अहरौरा लौट रही थीं। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे जब वे चुनार कोतवाली क्षेत्र के पिरल्लीपुर स्थित एनएच-35 पर पहुंचीं, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से सुशीला देवी वाहन से नीचे गिर गईं।

गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चुनार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से मृतका के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।

चुनार कोतवाली प्रभारी विजय शंकर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में महिला की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा