home page

ट्रक को ओवरटेक कर रहे बाइक सवार ने वृद्धा काे मारी टक्कर, मौत

 | 
ट्रक को ओवरटेक कर रहे बाइक सवार ने वृद्धा काे मारी टक्कर, मौत


मीरजापुर, 04 जून (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के रन्नोपट्टी गांव के मुड़वान मजरा के सामने मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में वृद्धा की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल वृद्धा ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मुड़वान मजरा निवासी 65 वर्षीय सुखराजी देवी पत्नी राधेश्याम प्रजापति रात करीब साढ़े आठ बजे किराना दुकान से सामान खरीदकर घर लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान जिगना की ओर से आ रहा एक बाइक सवार ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। तेज रफ्तार के कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे जा रही वृद्धा को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल वृद्धा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोंई ले गए, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत अग्रवाल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय अस्पताल के मोर्चरी हाउस भेज दिया। घटना के बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में प्रयुक्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वृद्धा की मौत से गांव में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा