home page

मीरजापुर में गूंजी शहनाई, एक साथ 316 जोड़े बने हमसफर

 | 
मीरजापुर में गूंजी शहनाई, एक साथ 316 जोड़े बने हमसफर


मीरजापुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। विकास खंड सिटी के चंदईपुर में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित मेगा इवेंट में 316 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जनपद के सभी विकास खंडों और मीरजापुर, चुनार व अहरौरा नगर निकायों के जोड़ों का विवाह कराया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखी दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति के 190, अन्य पिछड़ा वर्ग के 112, सामान्य वर्ग के तीन और अल्पसंख्यक वर्ग के 11 जोड़े शामिल रहे। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक रिंकी कोल और मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री और प्रमाणपत्र वितरित किए।

विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहारा बनी है। इसके जरिए ऐसे परिवार अपनी बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक करा पा रहे हैं, जो आर्थिक तंगी के कारण शादी का खर्च उठाने में असमर्थ हैं।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, उपनिदेशक समाज कल्याण, जिला समाज कल्याण अधिकारी दिलीप पटेल सहित विभिन्न विकास खंडों के अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।

गृहस्थी बसाने को मिलेंगे 64 हजार रुपये

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये का प्रावधान है। इसमें कन्या के दाम्पत्य जीवन और गृहस्थी की स्थापना के लिए 64 हजार रुपये उसके बैंक खाते में अंतरित किए जाएंगे। विवाह संस्कार के लिए 21 हजार रुपये की सामग्री दी जाएगी। वहीं, भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये आयोजनकर्ता को दिए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा