home page

उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ता जा रहा तापमान, संगम नगरी प्रयागराज में पारा 44 डिग्री के पार

 | 
उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ता जा रहा तापमान, संगम नगरी प्रयागराज में पारा 44 डिग्री के पार


लखनऊ, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान लगातार बढता जा रहा है। इसका असर दैनिक जीवन पर पडने लगा है। रविवार काे प्रदेश में सबसे अधिक तापमान संगमनगरी प्रयागराज में दर्ज किया गया है, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में निचले क्षोभ मंडल में आ रही शुष्क पछुआ हवाओं के साथ आतंरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से क्रमिक वृद्धि के साथ उत्तराखंड के तराई भाग को छोड़कर प्रदेश भर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार हाे गया है। इसके साथ ही प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर, आगरा, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर एवं हरदोई में आज पहले दिन तापक्रम विचलन संतुष्ट होने के साथ ही आगामी सप्ताह के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना के दृष्टिगत प्रदेश में आगामी 4-5 दिनों के दौरान कहीं-कहीं उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना है| इसी क्रम में रात के तापमान भी सामान्य से ऊपर जाने के साथ आगामी 2-3 दिनों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं कहीं ऊष्ण रात्रि की संभावना है|

लखनऊ का तापमान 41 डिग्री पार

राजधानी लखनऊ में आज मौसम गर्म है। यहां का तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया जबकि न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान हैं, मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि इसके बाद हल्की गिरावट संभव है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह