home page

उप्र में आंधी-बारिश का दौर थमा, 10 अप्रैल से शुष्क रहेगा मौसम

 | 
उप्र में आंधी-बारिश का दौर थमा, 10 अप्रैल से शुष्क रहेगा मौसम


लखनऊ, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही और तेज हवाओं के बाद गुरुवार से मौसम थोड़ा सामान्य होने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने से शुक्रवार से मौसम शुष्क होने के साथ-साथ तापमान में वृद्धि की संभावना जतायी है। हालांकि 10 से 12 अप्रैल की अवधि में प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने व बादल छाये रहने का अनुमान है।

राजधानी लखनऊ में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने से तापमान में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है। हवाओं में नरमी आने से रात और सुबह ठंडक का अहसास हो रहा है। हालांकि गुरुवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के जिलों में शुक्रवार से शुष्क मौसम होने की संभावना जतायी है। इस अवधि में प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 व 18 डिग्री सेल्सियस रहने की अनुमान है। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और मौसम विभाग ने 13 अप्रैल तक किसी प्रकार की कोई चेतावनी नहीं जारी की है।

मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ के केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मौसम का कोई प्रभावी मौसम तंत्र न होने के कारण किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गयी है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के साथ ही आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम शुष्क रहने से अधिकतम तापमान में 08 से 10 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस वृद्धि होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह