home page

उप्र में मौसम : आंधी-पानी और आकाशीय बिजली से बरपा कहर , मौसम में सुधार की अभी संभावना कम

 | 
उप्र में मौसम : आंधी-पानी और आकाशीय बिजली से बरपा कहर , मौसम में सुधार की अभी संभावना कम


लखनउ, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटाें में आंधी-पानी, ओले और आकाशीय बिजली के कहर से दर्जनाें परिवाराें काे दुखाें का पहाड़ टूट गया है, दर्जनों गांवों में शोक की लहर है और पेड़ गिरने से बिजली की आपूर्ति बाधित है। वहीं गुरुवार काे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक आपदा के शिकार हुए लोगों के परिजनों को तत्काल मुआवजा व राहत देने के निर्देश दिए हैं। उधर मौसम विभाग का कहना है कि आंधी पानी की संभावना अभी भी बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश में लगातार मौसम बदल रहा है। बुधवार को दोपहर बाद से लेकर रात तक चले तूफान से अब कई माैतें हाे चुकी है और बडी संख्या में लोग घायल हुए हैं। सबसे अधिक नुकसान पूर्वी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर मंडलों में हुआ है, जहां बडी संख्या में पेड़ गिरने, बिजली गुल होने और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से लोगों की मौतें हुई हैं। आंधी की चपेट में बरेली में ग्राम बबियाना में नन्हें पुत्र वहीद अंसारी (50)आ गया, जब वह गांव में बने बारात घर में खड़ा था। आंधी आने से बारात घर की टिन शेड का पाइप पकड़ कर खड़ा हो गया लेकिन आंधी तेज होने से टीन शेड पाइप सहित हवा में उड़ने लगा तो साथ में नन्हें काे भी आंधी अपने साथ उड़ा ली गयी और लगभग 50 फीट हवा में उड़ दूर खेत में जा गिरा। इस हादसे में उसका एक हाथ भी टूट गया।

तेज आंधी के साथ बारिश होने और ओले गिरने से खेती किसानी को भी काफी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या समेत 30 जिलों में बारिश हुई है। मथुरा, उन्नाव और प्रयागराज में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे जबकि दर्जनों जिलों में जगह-जगह पेड़ टूटकर गिर गए। बिजली के खंभे उखड़ गए। पेड़ हटने के बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी ।

मौसम विज्ञान विभाग के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया गुरुवार से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगा है और इसका परिणाम यह होगा कि प्रदेश में मौसम साफ होगा और तापमान में भी धीरे-धीरे वृद्धि होगी दिन के साथ रात में गर्मी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने की भी संभावना है।

मुख्यमंत्री योगी ने 24 घंटे में मुआवजा देने का दिया दिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त करते हुए जिलाधिकारियों समेत अन्य विभागों के अफसरों को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की जरूरी मदद करने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह