home page

लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश के आसार, तेज हवाओं का अलर्ट

 | 
लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश के आसार, तेज हवाओं का अलर्ट


लखनऊ, 19 सितंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मौसम ने सक्रियता दर्ज कराई है और बारिश का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को कई जिलों में बारिश हुई। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदला रहा। आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहने के साथ कुछ समय आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

लखनऊ मौसम वैज्ञानिक केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले तीन घंटों में लखनऊ, हरदोई और सीतापुर में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की बहुत संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झोंकों के साथ इनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने की भी आशंका है।

बारिश से जनजीवन प्रभावित

मौसम के बदले मिजाज के चलते आज लखनऊ में तेज बारिश हुई। इस बारिश से कई निचले इलाकों में सड़क किनारे और गलियों में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। प्रमुख मार्गों पर बारिश के दौरान वाहनों की रफ्तार धीमी रही। जलभराव वाले स्थानों पर दोपहिया वाहन चालकों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से खेतों में पानी पहुंचा है, जिससे धान और अन्य खरीफ फसलों को फायदा होने की उम्मीद है। हालांकि लगातार तेज बारिश वाले इलाकों में खेतों में पानी अधिक जमा होने से फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है। निचले इलाकों में जलभराव और कच्चे रास्तों पर कीचड़ के कारण ग्रामीण आवागमन प्रभावित हुआ है।

बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना ने पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा भी बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

प्रदेश में बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम का यह बदलाव लोगों को गर्मी और उमस से राहत दे रहा है, लेकिन लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था की चुनौती बढ़ गई है। वहीं कानपुर, उन्नाव में भी बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चलने की पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जारी किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा