अमेठी में आकाशीय बिजली का परिवार पर कहर, पुत्र की मौत और माता-पिता गंभीर
अमेठी, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत माठा गांव में एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत माठा गांव मजरे माहिया सिंदुरिया में अचानक मौसम खराब होने के दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। इस दौरान खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के पति पत्नी और बेटा इसकी चपेट में आ गए। जिसके चलते गिरजा शंकर (45) पुत्र शिव अधार, उनकी पत्नी सुनीता (40) और पुत्र मोहित (18) गंभीर रूप से झुलस गए। आनन फानन में परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं गिरजा शंकर और उनकी पत्नी सुनीता की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करने के बाद बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है ।
घटना के संबंध में शिवरतनगंज थाने के प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बताया कि मृतक युवक की लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौके पर राजस्व टीम भी पहुँच चुकी है. नियमानुसार कार्यवाही करते हुए जो भी सरकारी आर्थिक अनुदान होगा वह परिजनों को दिलाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

