home page

राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में रात भर हुई बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बरसात का अलर्ट

 | 
राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में रात भर हुई बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बरसात का अलर्ट


-मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में आगामी दो से चार दिनों तक हाेगी बारिश

लखनऊ, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मानसून की अचानक सक्रियता बढ़ने से रविवार को कई जिलों में बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में शनिवार देर रात शुरु हुई बारिश रविवार सुबह तक जारी रही और शहर में जगह-जगह जल भराव जैसी स्थिति बन गयी। आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हुआ। इसी तरह प्रदेश के कई जिलों श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई है। इस बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत जरूर मिली लेकिन परेशानी भी बढ़ गयी। 17 अगस्त तक मानसून इसी प्रकार सक्रिय रहेगा।

मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ क्षेत्रीय केंद्र के वरिष्ठ माैसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार कुछ दिनाें के ब्रेक के बाद अब प्रदेश में मानसून पूरी तीव्रता के साथ सक्रिय हो गया है। रविवार को लखनऊ समेत कई जिलाें में इसी कारण जमकर बारिश हुई है। दाेपहर बाद बादल छाए हैं और कुछ स्थानों पर भारी और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। लखनऊ के अधिकतम तापमान में भी 03 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 18 अगस्त तक इसी तरह कहीं तेज ताे कहीं मध्यम गति से कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने के कारण ही बारिश हुई है और आगे भी जारी रहेगी।

लखनऊ क्षेत्रीय केंद्र के वरिष्ठ माैसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 16 और 17 अगस्त तक प्रदेश के बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट समेत कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत 28 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी प्रकार लखनऊ में भी कम या अधिक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह